युवक युवती परिचय सम्मेलन मनावर
1 नवंबर को मनावर में होगा नामदेव समाज का परिचय सम्मेलन
15 अक्टूबर तक बायोडाटा भेजने की अपील, अब तक 305 बायोडाटा प्राप्त
रिपोर्टर: अनिल कुमार नामदेव (ग्वालियर)
सर्व दर्जी समाजजनों से निवेदन है कि आगामी रविवार, 1 नवंबर 2026 को मनावर में आयोजित होने वाले नामदेव समाज के परिचय सम्मेलन की तैयारियां चल रही हैं। कार्यक्रम को लेकर समाजबंधुओं में उत्साह है। नामदेव समाज विकास परिषद मध्य प्रदेश के प्रांतीय मीडिया प्रभारी शिवरतन नामदेव ने बताया कि परिचय सम्मेलन को व्यवस्थित एवं सफल बनाने के लिए समिति द्वारा तैयारियां की जा रही हैं।
उन्होंने बताया कि युवक-युवतियों के बायोडाटा की अंतिम तिथि 15 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है। इसके बाद प्राप्त होने वाले बायोडाटा को परिचय सम्मेलन की बुकलेट में शामिल करना संभव नहीं होगा। इसलिए सभी माता-पिता एवं अभिभावकों से आग्रह है कि अपने बच्चों का बायोडाटा निर्धारित तिथि तक परिचय सम्मेलन के ग्रुप में साझा करें। अभी तक 305 बायोडाटा प्राप्त हो चुके हैं।
समिति की ओर से विशेष निवेदन किया गया है कि जो माता-पिता अपने बेटे-बेटी के साथ 1 नवंबर को परिचय सम्मेलन में शामिल होना चाहते हैं, वे दिए गए संपर्क नंबरों पर आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराएं। सम्मेलन में युवक-युवतियों के बायोडाटा की जानकारी बड़ी एलईडी डिजिटल स्क्रीन पर प्रदर्शित की जाएगी, ताकि समाजबंधुओं को जीवनसाथी के चयन में सुविधा मिल सके।
समिति द्वारा उपस्थित समाजबंधुओं के लिए नाश्ते एवं भोजन की निशुल्क व्यवस्था की जाएगी। साथ ही 300 किलोमीटर या उससे अधिक दूरी से आने वाले समाजजनों के लिए 31 अक्टूबर 2026 की रात्रि ठहरने एवं भोजन की निशुल्क व्यवस्था निमाड़-मालवा नामदेव समाज टीम की ओर से नामदेव धर्मशाला में की गई है। जो युवक-युवतियां किसी कारणवश मंच पर स्वयं अपना परिचय देने में संकोच करते हैं, वे अपने माता-पिता के साथ मंच पर उपस्थित हो सकते हैं। ऐसे युवक-युवतियों का परिचय एवं बायोडाटा समिति के सूत्रधार द्वारा मंच से पढ़कर सुनाया जाएगा।
परिचय सम्मेलन में परिवारों के आपसी संवाद के लिए मेल-मिलाप कक्ष की व्यवस्था भी की गई है। यदि किसी परिवार को किसी युवक या युवती के परिवार से विवाह संबंध के संबंध में चर्चा करनी है तो वे समिति की देखरेख में मेल-मिलाप कक्ष में बातचीत कर सकेंगे। इसके साथ ही कुंडली मिलान के लिए ज्योतिषाचार्य की व्यवस्था भी की गई है। युवक-युवती अपने साथ जन्म कुंडली एवं आधार कार्ड लेकर आएं।
समिति ने समाजबंधुओं से आह्वान किया कि परिचय सम्मेलन केवल विवाह योग्य युवक-युवतियों के परिचय का माध्यम नहीं, बल्कि समाज में आपसी मेल-जोल, एकता, सहयोग और पारिवारिक संबंधों को मजबूत करने का अवसर भी है। सभी समाजबंधुओं की सहभागिता से ऐसे सामाजिक आयोजनों को सार्थकता मिलेगी।