RAILWAYS

गमहरिया-चांडिल रेलखंड पर चौथी रेल लाइन का रास्ता साफ, 301 करोड़ का टेंडर जारी

By SUSHIL KUMAR RAMRAIKA • 2026-10-06 05:04 • 5 views   Share WhatsApp Share Facebook Share X
गमहरिया-चांडिल रेलखंड पर चौथी रेल लाइन का रास्ता साफ, 301 करोड़ का टेंडर जारी

जमशेदपुर। दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर मंडल ने गमहरिया-चांडिल रेलखंड के बीच चौथी रेल लाइन के निर्माण के लिए ई-टेंडर जारी कर दिया है। करीब 301.27 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत वाली इस परियोजना का उद्देश्य व्यस्त रेलखंड पर ट्रेनों के संचालन की क्षमता बढ़ाने के साथ यात्री और मालगाड़ियों के बढ़ते दबाव को बेहतर तरीके से संभालना है।

रेलवे की ओर से जारी निविदा के अनुसार परियोजना के तहत चौथी रेल लाइन के निर्माण से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्य किए जाएंगे। इसमें ट्रैक लिंकिंग, बैलास्टिंग, बड़े और छोटे पुलों का निर्माण समेत अन्य सिविल कार्य शामिल हैं। इसके अलावा सिग्नल एवं टेलीकम्युनिकेशन से संबंधित इंडोर और आउटडोर कार्य भी परियोजना का हिस्सा होंगे।

नई लाइन के लिए आवश्यक विद्युतीकरण से संबंधित ढांचे का निर्माण भी इसी परियोजना के तहत किया जाना है। रेलवे के अनुसार आधुनिक सिग्नलिंग व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए संबंधित सिस्टम के डिजाइन और निर्माण का कार्य भी टेंडर में शामिल किया गया है।

परियोजना में भाग लेने वाली एजेंसियों के लिए रेलवे ने 6.03 करोड़ रुपये की अर्नेस्ट मनी डिपॉजिट (ईएमडी) निर्धारित की है। चयनित एजेंसी को परियोजना का काम पूरा करने के लिए 30 महीने का समय दिया जाएगा।

निविदा प्रक्रिया के तहत प्री-बिड बैठक 8 अक्टूबर 2026 को प्रस्तावित है, जबकि इच्छुक कंपनियां 19 नवंबर 2026 तक अपना टेंडर जमा कर सकेंगी।

गमहरिया-चांडिल रेलखंड चक्रधरपुर मंडल के महत्वपूर्ण रेल मार्गों में शामिल है। इस मार्ग पर यात्री ट्रेनों के साथ बड़ी संख्या में मालगाड़ियों का भी संचालन होता है। चौथी लाइन के निर्माण के बाद रेलवे को ट्रेनों के संचालन के लिए अतिरिक्त क्षमता मिलेगी। इससे ट्रेनों को अलग-अलग लाइनों पर व्यवस्थित तरीके से चलाने में सुविधा होगी और व्यस्त रेलखंड पर परिचालन को अधिक सुचारू बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है।

SUSHIL KUMAR RAMRAIKA 0 followers