LATEST NEWS

लम्बे इंतजार के बाद झमाझम बारिश , किसानों के चेहरे खिले

By SUNIL PATIDAR • 2026-08-01 04:16 • 120 views   Share WhatsApp Share Facebook Share X
लम्बे इंतजार के बाद झमाझम बारिश , किसानों के चेहरे खिले

अच्छी बारिश से निसरपुर क्षेत्र के किसानों को राहत, खरीफ फसलों को मिली संजीवनी

निसरपुर, 31 जुलाई: लंबे समय से अच्छी बारिश का इंतजार कर रहे निसरपुर क्षेत्र के किसानों के लिए शुक्रवार का दिन राहत लेकर आया। दोपहर बाद मौसम में अचानक बदलाव हुआ और तेज गर्जना के साथ बारिश शुरू हो गई। करीब एक घंटे तक हुई अच्छी बारिश से खेतों में पर्याप्त नमी पहुंची, जिससे किसानों को खरीफ फसलों के लिए राहत मिलने की उम्मीद है।

क्षेत्र में पिछले कई दिनों से बारिश नहीं होने के कारण सोयाबीन, मक्का, कपास और अन्य खरीफ फसलों पर असर पड़ने की आशंका बनी हुई थी। समय पर हुई बारिश से फसलों को आवश्यक नमी मिलने की संभावना बढ़ी है और किसानों ने इसे खेती के लिए लाभकारी बताया।

बारिश के दौरान नागरिकों और स्कूली बच्चों को आवागमन में कुछ परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि, बारिश के बाद मौसम सुहावना हो गया और उमस भरी गर्मी से भी लोगों को राहत मिली।

स्थानीय किसानों के अनुसार, यदि आने वाले दिनों में भी पर्याप्त और संतुलित बारिश होती रही तो खरीफ फसलों की स्थिति में सुधार हो सकता है। कृषि विशेषज्ञों के अनुसार, फसलों की वास्तविक स्थिति और उत्पादन पर बारिश का प्रभाव क्षेत्र में वर्षा की मात्रा और आगामी मौसम पर निर्भर करेगा।

SUNIL PATIDAR 0 followers