PUBLIC SAFETY

ग्वालियर: नल जल योजना में पाइपलाइन लीकेज से कॉलोनी में जलभराव की समस्या एवं हजारों लीटर पानी हो रहा प्रतिदिन बर्बाद।

By SURESH CHANDRA RAWAT • 2026-07-28 12:17 • 112 views   Share WhatsApp Share Facebook Share X
ग्वालियर: नल जल योजना में पाइपलाइन लीकेज से कॉलोनी में जलभराव की समस्या एवं हजारों लीटर पानी हो रहा प्रतिदिन बर्बाद।

ग्वालियर की अर्नव ग्रीन सिटी में बार-बार पाइपलाइन लीकेज से रहवासी परेशान

ग्वालियर: जलालपुर रोड स्थित फॉर्म फोर कॉलोनी अर्नव ग्रीन सिटी में नल जल योजना का कार्य लगभग 3 से 4 माह पूर्व पूरा होने के बाद भी पाइपलाइन लीकेज की समस्या सामने आ रही है। रहवासियों के अनुसार, बार-बार पाइपलाइन फूटने से पानी की बर्बादी हो रही है और सड़क पर कीचड़ जमा होने के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

कॉलोनीवासियों का कहना है कि उन्होंने प्रशासन को सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों के जरिए कई बार समस्या की जानकारी दी, लेकिन अभी तक स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। पाइपलाइन से लगातार पानी रिसने के कारण कॉलोनी के विभिन्न हिस्सों में कीचड़ फैल रहा है, जिससे स्थानीय लोगों की दैनिक गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं।

रहवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि संबंधित ठेकेदार को निर्देश देकर पाइपलाइन की जल्द मरम्मत कराई जाए, ताकि पानी की बर्बादी रोकी जा सके और समस्या का स्थायी समाधान हो। साथ ही, उन्होंने पाइपलाइन कार्य की गुणवत्ता की जांच कराने का भी आग्रह किया है।

कॉलोनी सोसाइटी के अध्यक्ष गिर्राज धाकड़ के अनुसार, उन्होंने पूर्व में भी दूरभाष के माध्यम से संबंधित अधिकारियों से नल जल योजना के कार्य को दुरुस्त कराने का अनुरोध किया था। उनका कहना है कि मरम्मत के बाद भी पाइपलाइन में अलग-अलग स्थानों पर लीकेज की समस्या बनी हुई है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, सुबह के समय जब नलों में पानी की आपूर्ति शुरू होती है, उस दौरान पाइपलाइन के कई स्थानों पर हो रहे लीकेज को स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है। रहवासियों ने प्रशासन से जल्द निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।

SURESH CHANDRA RAWAT 0 followers