LATEST NEWS

आगरा से बेंगलुरु के लिए अक्टूबर से रोज फ्लाइट मिलेगी

By JAHID KHAN • 2026-09-28 04:36 • 10 views   Share WhatsApp Share Facebook Share X
आगरा से बेंगलुरु के लिए अक्टूबर से रोज फ्लाइट मिलेगी

आगरा ब्रेकिंग
आगरा के खेरिया स्थित सिविल एयरपोर्ट से देश के प्रमुख आर्थिक व व्यावसायिक केंद्रों के लिए हवाई कनेक्टिविटी और मजबूत होने जा रही है। अक्तूबर महीने के दूसरे सप्ताह से आगरा से बंगलूरू के लिए रोजाना (सातों दिन) और नवीं मुंबई के लिए सप्ताह में तीन दिन सीधी फ्लाइट का संचालन शुरू होने की पूरी संभावना है। इस नई व्यवस्था से न केवल स्थानीय व्यापारियों और कारोबारियों को राहत मिलेगी, बल्कि आगरा के पर्यटन, होटल और हैंडीक्राफ्ट उद्योग को भी नई रफ्तार मिलेगी।

विंटर शेड्यूल से पहले लागू होगी नई व्यवस्था:
वर्तमान में आगरा से बंगलूरू के लिए मंगलवार और बृहस्पतिवार को छोड़कर हफ्ते में पांच दिन फ्लाइट का संचालन किया जा रहा है। वहीं, नवीं मुंबई की फ्लाइट वर्तमान में केवल मंगलवार और रविवार यानी दो दिन ही संचालित हो रही है। आगरा सिविल एयरपोर्ट के निदेशक विवेक शर्मा ने जानकारी दी कि नागरिक उड्डयन विभाग का आधिकारिक विंटर शेड्यूल 25 अक्तूबर से प्रभावी होगा, लेकिन यात्रियों की मांग को देखते हुए उससे पहले ही (अक्तूबर के दूसरे सप्ताह से) इन दोनों फ्लाइट्स के फेरों में बढ़ोतरी कर दी जाएगी।

एक साल में 89,417 बढ़े हवाई यात्री:
आगरा एयरपोर्ट द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, शहर में हवाई यात्रा करने वालों का ग्राफ काफी तेजी से बढ़ा है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में कुल 987 निर्धारित आगमन और 987 प्रस्थान उड़ानों के जरिए 2,54,650 यात्रियों ने आगरा से आवाजाही की। इनमें 1,28,423 यात्री आगरा पहुंचे जबकि 1,26,227 यात्री आगरा से रवाना हुए।

इसकी तुलना यदि वित्तीय वर्ष 2024-25 से करें, तो उस समय 655 आगमन और 655 प्रस्थान उड़ानों से कुल 1,65,233 यात्रियों ने सफर किया था। इस प्रकार मात्र एक वर्ष के भीतर आगरा एयरपोर्ट पर कुल 89,417 हवाई यात्रियों का इजाफा हुआ है और निर्धारित उड़ानों की संख्या 655 से बढ़कर 987 हो गई है। कारोबारियों और पर्यटन विशेषज्ञों का मानना है कि बंगलूरू और मुंबई जैसे शहरों के लिए नियमित उड़ानों से ताज शहर के आर्थिक ढांचे को काफी बल मिला।

JAHID KHAN 0 followers