LATEST NEWS

अछनेरा में पत्नी की हत्या कर शव जलाया

By JAHID KHAN • 2026-10-01 04:05 • 4 views   Share WhatsApp Share Facebook Share X
अछनेरा में पत्नी की हत्या कर शव जलाया

आगरा ब्रेकिंग:

आगरा के थाना अछनेरा क्षेत्र अंतर्गत गांव कुकथला में बुधवार को पति-पत्नी के पवित्र रिश्ते को कलंकित कर देने वाली एक बेहद खौफनाक और सनसनीखेज वारदात का भंडाफोड़ हुआ है। यहां एक निर्दयी पति ने अपनी ही पत्नी की कथित तौर पर हत्या कर दी और अपराध पर पर्दा डालने के लिए शव को घर के पीछे बने टिनशेड में जला दिया। इतना ही नहीं, साक्ष्य पूरी तरह मिटाने के उद्देश्य से आरोपी ने अस्थियों को आगरा लाकर यमुना नदी में विसर्जित कर दिया और बेखौफ होकर थाने पहुंचकर पत्नी की गुमशुदगी की फर्जी शिकायत भी दर्ज करा दी।

2022 में हुई थी शादी, 2 साल की मासूम के सिर से उठा मां का साया:
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कुकथला निवासी लोकेन्द्र की शादी वर्ष 2022 में सिकंदरा थाना क्षेत्र के गांव अकबरा निवासी चांदनी के साथ हुई थी। दोनों की 2 वर्ष की एक मासूम बेटी भी है। मृतका के परिजनों ने आरोप लगाया है कि लोकेन्द्र शादी के बाद से ही आए दिन चांदनी के साथ मारपीट और उत्पीड़न करता था। मंगलवार शाम को वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने गांव में किसी को भनक तक नहीं लगने दी।

मायके पक्ष की सतर्कता और फोरेंसिक जांच से बेनकाब हुआ सच:
चांदनी से संपर्क न होने पर उसके भाई मनोज (निवासी अकबरा, सिकंदरा) ने अछनेरा थाने पहुंचकर बहन के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने की शिकायत दर्ज कराई और अनहोनी की आशंका जताई। मायके पक्ष के लगातार दबाव और संदेह के आधार पर बुधवार को अछनेरा पुलिस कुकथला गांव पहुंची। घर के पीछे टिनशेड और आसपास की परिस्थितियां संदिग्ध मिलने पर फोरेंसिक टीम (Forensic Team) को मौके पर बुलाया गया। साक्ष्य जुटाने के बाद जब पुलिस ने लोकेन्द्र को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की, तो वह टूट गया और उसने पूरी खौफनाक कहानी बयां कर दी।

गुमशुदगी का नाटक कर पुलिस को गुमराह करने का प्रयास:
पुलिस की जांच में सामने आया कि चांदनी की हत्या करने के बाद आरोपी ने मंगलवार शाम को ही घर के पीछे टिनशेड में शव को आग के हवाले कर दिया था। इसके बाद रात में ही अस्थियां और राख समेटकर आगरा में यमुना नदी में बहा आया, ताकि कोई सबूत न बचे। इसके बाद वह बेफिक्र होकर थाने जाकर पत्नी के लापता होने का नाटक करने लगा।

एसीपी अछनेरा ने दी जानकारी:
मामले में मृतका के भाई मनोज की तहरीर पर अछनेरा थाने में सुसंगत धाराओं में अभियोग दर्ज कर लिया गया है। एसीपी अछनेरा शैलेन्द्र सिंह ने बताया कि आरोपी पति लोकेन्द्र को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस अब इस बात की तफ्तीश कर रही है कि हत्या के पीछे मुख्य वजह क्या थी और क्या इस घिनौने अपराध में परिवार या किसी अन्य बाहरी व्यक्ति की भी संलिप्तता रही है।

JAHID KHAN 0 followers